उप्र : बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पिता, सौतेली मां गिरफ्तार
उप्र : बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पिता, सौतेली मां गिरफ्तार
हाथरस, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने आत्महत्या के लिये उकसाने के मामले में किशोरी के पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है। किशोरी ने अपने पिता और सौतेली मां के कथित उत्पीड़न से तंग आकर छह अगस्त को चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, सात अगस्त को किशोरी के मामा रामवीर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बहन रीना देवी की शादी 2006 में विनीत कुमार के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। रीना देवी की 2020 में मृत्यु हो गई थी।
रीना देवी की मृत्यु के बाद विनीत कुमार ने दूसरी महिला से शादी कर ली। रामवीर का आरोप है कि शादी के बाद से ही विनीत कुमार एवं उसकी दूसरी पत्नी उसकी भांजी और उसके दोनों भांजों के साथ मारपीट एवं मानसिक उत्पीड़न किया करते थे।
आरोप है कि पांच अगस्त को विनीत और उसकी दूसरी पत्नी ने भांजी के साथ बुरी तरह मारपीट की जिससे परेशान होकर काजल (17) ने छह अगस्त को आत्महत्या कर ली। इस संबंध में थाना सहपऊ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


