गोंडा, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह घर से बाहर खेलने निकली एक बालिका की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
धानेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यहां कल्याण नगर वार्ड निवासी बिशुन लाल की बेटी मुस्कान (पांच) सुबह करीब सात बजे अपनी बड़ी बहन महक तथा दो अन्य बच्चियों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय माधवगंज के पास गई थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। अन्य बच्चे किसी तरह भाग निकले, लेकिन मुस्कान को कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के वहां पहुंचने पर कुत्ते भाग गए। परिजन घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत है।
क्षेत्रीय सभासद पवन तिवारी और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बृजभूषण वर्मा ने परिवार से मिलकर सांत्वना दी और कुत्तों को पकड़वाने का आश्वासन दिया।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत