उप्र : बच्ची ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को उपहार में दिया खिलौना बुलडोजर
उप्र : बच्ची ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को उपहार में दिया खिलौना बुलडोजर
गोरखपुर, 27 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थित गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को चार वर्षीय एक बच्ची की मासूमियत ने सभी के चेहरे पर मुस्कान ला दी, जब उसने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक खिलौना बुलडोजर उपहार में दिया।
यह घटना मुख्यमंत्री की नियमित मंदिर यात्रा के दौरान हुई। इस दौरान उन्होंने आगंतुकों के बीच मौजूद नर्सरी की छात्रा यशस्विनी सिंह को अपने पास बुलाया और उसे चॉकलेट दी। दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई।
बातचीत के दौरान बच्ची ने मुख्यमंत्री से अपनी आंखें बंद करने को कहा और बताया कि उसके पास उनके लिए एक उपहार है। जैसे ही योगी आदित्यनाथ ने आंखें बंद कीं, बच्ची ने उनके हाथों में एक छोटा खिलौना बुलडोजर रख दिया। इस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े और माहौल खुशनुमा हो गया।
बच्ची ने कहा, “आपको बुलडोजर पसंद हैं, इसलिए मैं आपके लिए यह लेकर आई हूं।”
इस पर मुख्यमंत्री भी मुस्कुराते नजर आए।
कानपुर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली यशस्विनी अपने माता-पिता के साथ मंदिर में दर्शन के लिए गोरखपुर आई थी। बाद में उसने बताया कि मुख्यमंत्री ने उसे अच्छी तरह पढ़ाई करने की सलाह दी और खिलौना बुलडोजर उसे वापस देते हुए उससे खेलने को कहा।
उल्लेखनीय है कि “बुलडोजर” उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था नीति का एक प्रमुख प्रतीक बन चुका है। उनके कार्यकाल में प्रशासन ने कथित अपराधियों और अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई बार बुलडोजर का उपयोग किया है।
जहां योगी के समर्थक इसे अपराध के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखते हैं, वहीं आलोचक इसकी वैधता और प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


