उप्र : घायल यूट्यूबर को आईसीयू से शिफ्ट किया गया, सर्जरी जारी
उप्र : घायल यूट्यूबर को आईसीयू से शिफ्ट किया गया, सर्जरी जारी
गाजियाबाद, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रियलिटी शो बिग बॉस-17 के प्रतियोगी एवं लोकप्रिय यूट्यूबर अनुराग डोभाल को आईसीयू से अस्पताल के वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है और उनके दाहिने कूल्हे की आर्थोपेडिक सर्जरी की जा रही है। अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, वैशाली की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रीति गोयल ने बताया कि 28 वर्षीय डोभाल की तबियत स्थिर है।
गोयल ने कहा, ‘डोभाल को आईसीयू से एक कमरे में स्थानांतरित कर दिया गया है। उनके दाहिने कूल्हे की आर्थोपेडिक सर्जरी के लिए उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया है।’
उन्होंने कहा कि मरीज की कड़ी निगरानी की जा रही है और केवल उसकी पत्नी रितिका को ही उससे मिलने की अनुमति दी गई है।
गोयल ने कहा, ‘हमने केवल उनकी पत्नी रितिका को उनसे मिलने की अनुमति दी है। किसी और को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है और उन्हें गहन निगरानी में रखा जा रहा है।’
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


