मुरादाबाद (उप्र), 17 जून (भाषा) मुरादाबाद जिले के भगतपुर थाना क्षेत्र के बेर खेड़ा गांव में प्रशासन ने कथित तौर पर ग्राम समाज की जमीन पर बनी एक मस्जिद को बुलडोजर की मदद से ढहा दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद थीं और क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, जिस भूमि पर मस्जिद का निर्माण किया गया था, वह राजस्व दस्तावेजों में ‘खाद के गड्ढे’ के रूप में दर्ज थी और इसे ग्राम समाज भूमि के रूप में वर्गीकृत किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, भूमि रिकॉर्ड और स्वामित्व की स्थिति के सत्यापन के बाद, निर्माण को अनधिकृत पाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई की गई और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।
प्रशासन के अनुसार सरकारी, ग्राम समाज और सार्वजनिक उपयोग की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं थी, बल्कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया का हिस्सा थी।
प्रशासन ने लोगों से सरकारी या ग्राम समाज भूमि पर कोई भी निर्माण करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करने और भूमि की स्थिति सत्यापित करने की भी अपील की।
यह कार्रवाई छह जून को सदर तहसील के अंतर्गत दिधौरी गांव में सरकारी जमीन पर बनी एक मस्जिद को हटाए जाने के कुछ दिनों बाद हुई, जबकि कांठ रोड के पास मुरादाबाद-हरिद्वार राजमार्ग पर स्थित हजरत सुल्तान शाह बाबा की मजार को 15 जून को इसी तरह के अतिक्रमण रोधी उपाय के तहत हटा दिया गया था।
भाषा सं जफर मनीषा अविनाश अमित
अमित