हमीरपुर, तीन मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दलित युवती ने पड़ोसी युवक पर प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जिसमें पीड़िता (21) ने शनिवार को कुरारा थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमन (22) के रूप में हुई है। युवती का आरोप है कि अमन ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और दुष्कर्म किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
थाना प्रभारी राम आसरे सरोज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत