हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 14 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े को मजबूत करने के लिए 1,000 नयी बसों की खरीद की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को यह कहा।
सुक्खू ने हमीरपुर बस अड्डे पर 35 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद संवाददाताओं से कहा कि राज्य में 200 हाइड्रोजन चालित बसों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना तथा एचआरटीसी को आर्थिक रूप से मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक एचआरटीसी के लिए 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इन बसों के संचालन की लागत करीब 38 रुपये प्रति किलोमीटर है, जबकि डीजल बसों के संचालन पर 70 से 75 रुपये प्रति किलोमीटर का खर्च आता है।
भाषा
शुभम माधव
माधव