उप्र: शाहजहांपुर जिले में तोड़ी गई प्रतिमाओं के स्थान पर लगाई गई शहीदों की नई मूर्तियां

Ads

उप्र: शाहजहांपुर जिले में तोड़ी गई प्रतिमाओं के स्थान पर लगाई गई शहीदों की नई मूर्तियां

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 06:50 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 26 मार्च (भाषा) शाहजहांपुर जिले में बुलडोजर से तोड़ी गई शहीदों की प्रतिमाओं के स्थान पर नई मूर्तियों को 24 घंटे में स्थापित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने मूर्तियों को तोड़े जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए उनके स्थान पर नयी मूर्तियां लगाने के निर्देश दिये थे।

हालांकि शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने के खिलाफ प्रदर्शन का सिलसिला अभी थमा नहीं है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से स्वतंत्र एजेंसी से इस पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।

नगर आयुक्त डॉक्टर विपिन कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टाउन हॉल तिराहे पर शहीद रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान एवं पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की नयी प्रतिमाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 24 घंटे के अंदर स्थापित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इन प्रतिमाओं पर शेड बनने के अलावा उनका सौन्दर्यीकरण भी एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को शहीदों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से हटाये जाने को लेकर लखनऊ की कंपनी ‘फ्लाई इंफ्राटेक’ के विरुद्ध नगर निगम के मुख्य अभियंता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।

द्विवेदी ने बताया कि उनकी टीम मौका-मुआयना करने के साथ ही घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है।

राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे गये पत्र में कहा है कि मजदूर जेसीबी चालक दोषी नहीं है बल्कि अधिकारी तथा नेता भी दोषी हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा है कि इस पूरे मामले की एक स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए तभी वास्तविक तथ्य सामने आ पाएंगे और दोषियों को सजा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह सामान्य घटना नहीं है क्योंकि इस जनपद में आने वाला हर बाहरी नेता और देशभक्ति की भावना रखने वाले लोग पहले तीन प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हैं, बाद में अपना काम शुरू करते हैं।

सिंह ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि जिले के विधायक तथा वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौन बैठे हैं जबकि विभिन्न सामाजिक तथा राजनीतिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में शाहजहांपुर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

जिले में शहीदों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से तोड़ने के बाद एक समाज सेवी इतना आहत हो गए कि वह नदी के किनारे खुद अपनी कब्र खोद कर उसमें लेट कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

एक दिलचस्प घटनाक्रम के तहत समाजसेवी सलमान नबी ने शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने का अनोखे तरीके से विरोध जताया।

सलमान ने खन्नौत नदी के किनारे राष्ट्र ध्वज लगाया और वहीं पास में ही कब्र खोद कर उसमें लेट गये।

सलमान ने कहा कि शहीदों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से तोड़ने वाले जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए।

उनका यह अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।

शाहजहांपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में टाउन हॉल तिराहे पर रविवार रात में सौन्दर्यीकरण के नाम पर शहीद रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान एवं पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमाओं को बुलडोजर से तोड़कर उन्हें कचरा स्थल पर फेंक दिया गया था, जिसके विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस मामले में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संबंधित कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता समेत दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था।

हालांकि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का कहना है कि यह कार्य प्रशासन के इशारे पर किया गया है इसलिए इसकी जांच होना अत्यंत आवश्यक है।

भाषा सं सलीम राजकुमार

राजकुमार