उपमुख्यमंत्री पाठक के काफिले के सामने काले कपड़े लहराने के साथ ‘वापस जाओ’ के नारे लगे, मामला दर्ज

Ads

उपमुख्यमंत्री पाठक के काफिले के सामने काले कपड़े लहराने के साथ ‘वापस जाओ’ के नारे लगे, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 04:25 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने कथित तौर पर काले कपड़े लहराने और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने के आरोप में शाहजहांपुर जिले में चार नामजद व्यक्तियों समेत कुल आठ व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया मंच (फेसबुक और व्हाट्सएप) पर वायरल हो रहा है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को कलान तहसील (शाहजहांपुर जिले में) के मीरजापुर में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे।

दीक्षित ने कहा कि जब उपमुख्यमंत्री का काफिला जलालाबाद थाना क्षेत्र के रौली बोली गांव के पास पहुंचा, तो सड़क किनारे खड़े करीब एक दर्जन लोगों का समूह काले कपड़े लहराने लगा और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।

इस घटना को लेकर बुधवार देर रात मामला दर्ज किया गया।

दीक्षित ने बताया कि वीडियो के आधार पर काले कपड़े लहराने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनमें से चार की पहचान हो चुकी है।

घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि काफिला आते ही युवाओं का एक समूह सड़क पर उतर गया और काले कपड़े लहराते हुए ‘उपमुख्यमंत्री, वापस जाओ’ के नारे लगाने लगा। वीडियो में युवक लाल टोपी पहने नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने चार नामजद व्यक्तियों और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

भाषा सं जफर संतोष

संतोष