शाहजहांपुर (उप्र), 30 जुलाई (भाषा) शाहजहांपुर जिले में एक व्यक्ति को बिना प्रशासनिक अनुमति के अपने खेत में ‘पांच पीर’ की मजार बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी धीरज कुमार ने दावा किया कि उसे सपने में एक मौलवी दिखाई दिए जिन्होंने उसे मजार बनाने की सलाह दी, जिसके बाद उसने अपने खेत में मजार बनाना शुरू किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सिधौली थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने एक खेत में धीरज कुमार को मजार का निर्माण करते हुए देखा और पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और धीरज कुमार से पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि उसके छोटे भाई की तीन साल पहले मौत हो गयी थी और घर के सभी लोग किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त हैं।
भवरे के मुताबिक, कुमार ने दावा किया कि सपने में उसे एक मौलवी दिखायी दिये थे जिन्होंने उसे सलाह दी थी कि वह ‘पांच पीर’ की मजार बनवाये, जिसके बाद उसके घर में बीमारी और परेशानियां कम हो जाएंगी और उनकी सलाह को मानते हुए वह अपने खेत में बने चबूतरे पर मजार का निर्माण करवा रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मजार बनाने की अनुमति न होने के चलते ग्रामीण और निर्माणकर्ता धीरज ने मजार को वहां से हटा दिया। इस दौरान हिंदूवादी संगठनों के नेता भी मौके पर पहुंचे।
भवरे ने बताया कि पुलिस ने कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक