पीलीभीत, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में सोमवार को पूरनपुर राजमार्ग पर एक कार और रोडवेज की एक बस की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना तड़के करीब साढ़े चार बजे हरसिंहपुर मोड़ के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार एक रोडवेज बस ने सामने से आ रही एक कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में लखनऊ के कटनगरा निवासी अभिषेक यादव (28) की मौत हो गयी।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक अपने दोस्तों के साथ उत्तराखंड के पूर्णागिरि जा रहा थे कि तभी उनकी कार रोडवेज बस से टकरा गयी।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन में बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र