उप्र : विपक्ष ने योगी सरकार पर बिजली संकट को लेकर साधा निशाना
उप्र : विपक्ष ने योगी सरकार पर बिजली संकट को लेकर साधा निशाना
लखनऊ, 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शुक्रवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और जनहित में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिजली की कमी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में कथित विफलता को लेकर सरकार पर कटाक्ष किया।
यादव ने एक पोस्ट में कहा, ‘बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में। मुँह से ये कह ही देते। कम से कम आप ‘3×660 सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट’ कह सकते थे; इसे सुनने से भी भीषण गर्मी में पीड़ित लोगों को कुछ राहत मिलती।’
उन्होंने कहा कि सरकार नए बिजली संयंत्र लगाने में असफल रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया ‘‘भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ़ ‘माँग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं। भाजपा राज, उप्र ख़स्ताहाल!’’
बसपा प्रमुख मायावती ने भीषण गर्मी में अपर्याप्त बिजली आपूर्ति और बार-बार बिजली कटौती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कम बिजली आपूर्ति और लगातार कटौती ने गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और अन्य कामकाजी लोगों के जीवन को कठिन बना दिया है।
मायावती ने सरकार से अपील की कि तत्काल कदम उठाकर जनता को हो रही असुविधाओं को दूर किया जाए और नए बिजली संयंत्रों की स्थापना सहित आवश्यक उपायों के माध्यम से भविष्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार किया जाए।
दोनों विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को व्यापक जनहित का मामला बताते हुए कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
भाषा जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


