उप्र: कोडीन सिरप मामले में पुलिस ने वाराणसी में 28 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

Ads

उप्र: कोडीन सिरप मामले में पुलिस ने वाराणसी में 28 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 10:55 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 10:55 PM IST

वाराणसी, 12 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल की करीब 28 करोड़ रुपये की संपत्ति बृहस्पतिवार को कुर्क की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि संपत्ति कुर्क करने की यह कार्रवाई वाराणसी के आदमपुर थाना इलाके में हुई।

पुलिस ने बताया कि भोला प्रसाद जायसवाल झारखंड के रांची में ‘शैली ट्रेडर्स’ नाम की एक फर्म चलाता था और बड़े पैमाने पर कफ सिरप की तस्करी में कथित तौर पर शामिल था।

पुलिस के मुताबिक, भोला पर वाराणसी और आस-पास के इलाकों में सिरप को गैर-कानूनी तरीके से बेचने के लिए जाली व बनावटी ‘ई-वे बिल’ बनाने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने कफ सिरप की बिक्री से काफी मुनाफा कमाया और इन रुपयों से कई अचल संपत्ति खरीदीं।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान इन संपत्तियों की पहचान की और कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को वाराणसी के भेलूपुर, लल्लापुरा, जगतगंज, शिवपुर और मडौली इलाकों में मौजूद संपत्ति कुर्क कीं।

पुलिस ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 28 करोड़ रुपये है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वाराणसी के थाना शहर में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शुभम जायसवाल अब भी फरार है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र