उप्र : भारत-नेपाल सीमा के पास मेडिकल स्टोर पर छापा, संचालक गिरफ्तार

उप्र : भारत-नेपाल सीमा के पास मेडिकल स्टोर पर छापा, संचालक गिरफ्तार

उप्र : भारत-नेपाल सीमा के पास मेडिकल स्टोर पर छापा, संचालक गिरफ्तार
Modified Date: June 30, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:36 pm IST

बहराइच, 30 जून (भाषा) भारत-नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रूपईडीहा कस्बे में पुलिस और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप सहित प्रतिबंधित एवं नशीली दवाएं बरामद की गईं।

इस मामले में मेडिकल स्टोर के संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीमा क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई को प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी और दुरुपयोग पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने मंगलवार को बताया कि रूपईडीहा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर औषधि प्रशासन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वहां बिना वैध अनुमति के भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं नशीली दवाएं रखी मिलीं।

उन्होंने बताया कि मौके से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 2,349 बोतलें (करीब 2.35 क्विंटल), ट्रामाडोल के 12,145 कैप्सूल तथा विभिन्न प्रकार की अन्य नशीली दवाएं बरामद की गईं।

तिवारी ने बताया कि इस सिलसिले में मेडिकल स्टोर संचालक आदित्य कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और संभावित तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस तथा संबंधित विभागों का संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में