उप्र: स्कूली छात्र ने दो दोस्तों को तालाब में दिया था धक्का, वीडियो सामने आने से खुला हत्या का राज

Ads

उप्र: स्कूली छात्र ने दो दोस्तों को तालाब में दिया था धक्का, वीडियो सामने आने से खुला हत्या का राज

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 12:38 AM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 12:38 AM IST

मथुरा, 13 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा में हाल ही में दो नाबालिग लड़कों के तालाब में डूबने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतकों के 17 वर्षीय एक दोस्त को पकड़ लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

फरवरी में लठमार होली के उत्सव के दौरान नंदगांव के पास एक तालाब में 17 वर्षीय लड़के ने अपने दोस्तों को कथित तौर पर धक्का देकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि 25 फरवरी को शुरू में डूबने की घटना के रूप में दर्ज किये गये मामले में तब नाटकीय मोड़ आया जब तकनीकी विशेषज्ञों ने आशीषेश्वर महादेव मंदिर में क्षतिग्रस्त डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) से फुटेज बरामद की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि सक्षम (15) और रवि (17) आरोपी लड़के के साथ बरसाना में प्रसिद्ध लठमार होली देखने गए थे और कोसी कलां लौटते समय तीनों मंदिर के तालाब पर रुके थे।

उन्होंने बताया, “आरोपी ने पहले परिजनों को बताया था कि उसके दोस्त नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आधी रात को तलाशी अभियान के बाद दोनों नाबालिग लड़कों के शव बरामद किए गए और अगले दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।”

हालांकि, सीसीटीवी फुटेज ने कुछ और ही कहानी बयां की।

पुलिस ने बताया, “फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी दोनों लड़कों को तालाब में धकेल रहा है। इसके बाद वह सीढ़ियों से ऊपर चढ़ता है और शांति से घटनास्थल से चला जाता है।” पुलिस के मुताबिक, “हमने घटना के तुरंत बाद फुटेज देखने की कोशिश की, लेकिन डीवीआर में खराबी थी।”

थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया, “ मरम्मत के बाद प्राप्त फुटेज से आरोपी द्वारा बताई गई झूठी कहानी का पर्दाफाश हुआ।”

उन्होंने बताया कि सक्षम के पिता रामकिशन की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आरोपी व उसका परिवार घटना के बाद से फरार हैं।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीमें उन्हें पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।

कुमार ने बताया कि सक्षम और रवि 11वीं कक्षा के छात्र थे जबकि आरोपी नौवीं कक्षा में पढ़ता है।

भाषा सं आनन्‍द जितेंद्र

जितेंद्र

जितेंद्र