भदोही, नौ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ग्राम प्रधान के बेटे ने एक चौकीदार पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घायल चौकीदार को गंभीर रूप से जलने के बाद वाराणसी में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पीपुर गांव में हुई।
पीड़ित की पहचान जैसलाल सरोज (55) के रूप में हुई है, जो चौकीदार के रूप में काम करता है और ज्ञानपुर पुलिस थाने से जुड़ा हुआ है (स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट करता है)।
एसपी के अनुसार, यह घटना तब शुरू हुई जब सरोज ग्राम प्रधान रामनाथ यादव के घर गया और उन्हें गांव में खराब हैंडपंप के बारे में बताया तथा उसका पाइप बदलने के लिए कहा।
मांगलिक ने कहा, ‘उनके बीच विवाद शुरू हो गया। सुबह करीब 10 बजे, ग्राम प्रधान का बेटा कमलेश यादव (30) पेट्रोल का गैलन लेकर वहां आया और उसे सरोज पर छिड़क दिया और कथित रूप से आग लगा दी।’
उन्होंने बताया कि चौकीदार को आग की लपटों में घिरा देख कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे कंबल ओढ़ाकर आग बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि, तब तक सरोज का शरीर 80 फीसदी से ज्यादा जल चुका था।
एसपी ने बताया कि घायल चौकीदार को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मांगलिक ने कहा कि पीड़ित के भाई बाबूलाल सरोज की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी कमलेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमले के पीछे के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत