ईरान के कोच ने कहा, अमेरिका अब भी खराब बर्ताव कर रहा है

Ads

ईरान के कोच ने कहा, अमेरिका अब भी खराब बर्ताव कर रहा है

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:37 AM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:37 AM IST

इंगलवुड (अमेरिका), 21 जून (एपी) ईरान के कोच आमिर घलेनोई ने कहा कि विश्व कप में अमेरिका यात्रा प्रतिबंधों और वीजा अस्वीकृति के जरिए उनकी टीम के साथ अब भी खराब बर्ताव कर रहा है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि फीफा अगले सप्ताह मेजबान देश को इनमें से कुछ कड़े नियमों को कम करने के लिए मना लेगा।

घलेनोई ने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि हमारा देश हमारे साथ खड़ा है। हम ईरान में अपने शहीदों के लिए खेल रहे हैं। लेकिन मैं जानता हूं कि इस तरह के व्यवहार से हमारे लोगों को ठेस पहुंची है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि अगर हम अरबों डॉलर खर्च करते हैं तब भी अपने लोगों को न्याय नहीं दिला पाएंगे। इससे पता चलता है कि हम एक शोषित देश हैं। फिर भी मुझे उम्मीद है कि हमें शांति मिलेगी और विश्व कप में इस तरह का व्यवहार संस्थागत रूप नहीं लेगा।’’

ईरान की टीम रविवार को बेल्जियम के खिलाफ अपने दूसरे मैच के लिए शनिवार को लॉस एंजिलिस लौट आई, लेकिन घलेनोई ने कहा कि उनकी टीम इस मैच के लिए पर्याप्त अभ्यास नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लॉस एंजिलिस में 24 घंटे चाहिए थे, लेकिन उन्होंने हमें 16 घंटे से भी कम समय दिया और इसी वजह से हमें अपना अभ्यास बीच में छोड़ना पड़ा।’’

घलेनोई ने विश्व कप की अन्य टीमों और कोच से भी ईरानी टीम के साथ किए जा रहे व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

एपी पंत

पंत