उप्र: मथुरा में राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सफाईकर्मी को कुचला

उप्र: मथुरा में राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सफाईकर्मी को कुचला

उप्र: मथुरा में राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सफाईकर्मी को कुचला
Modified Date: August 22, 2026 / 08:15 pm IST
Published Date: August 22, 2026 8:15 pm IST

मथुरा, 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार को आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से नगर निगम के सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना से नाराज सफाईकर्मियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली के पास भरतपुर गेट चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया।

करीब पांच घंटे बाद अधिकारियों के समझाने पर यातायात सामान्य हो सका। हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश (45) शनिवार सुबह अपने घर से वार्ड संख्या-15 में ड्यूटी के लिए जा रहे थे और इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर अन्य सफाईकर्मी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।

उन्होंने बताया कि बाद में बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों ने कोतवाली के निकट भरतपुर गेट चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों की मांग थी कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस के अनुसार, अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे बाद यातायात बहाल कराया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में