शुभेंदु के सहयोगी की हत्या मामले में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बलिया से आरोपी गिरफ्तार

Ads

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या मामले में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बलिया से आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 01:20 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 01:20 PM IST

बलिया, 21 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बलिया जिले से 35 वर्षीय एक कथित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव निवासी नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर पकड़ा गया, जो इस हत्याकांड की जांच कर रही है।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, 19 मई को वाराणसी इकाई की टीम बलिया पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी के कब्जे से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया गया।

एसटीएफ इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बलिया के ही एक अन्य अपराधी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू और उसके दो सहयोगियों ने उसे हथियारों से भरा बैग सौंपा था। बाद में एसटीएफ ने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कार शोरूम से हथियार बरामद किए, जिनमें तीन पिस्तौल, दो रिवाल्वर और 45 कारतूस शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में एक पिस्तौल अमेरिका निर्मित भी है।

अधिकारियों ने बताया कि नवीन कुमार सिंह के खिलाफ पहले से भी रंगदारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में एक अन्य आरोपी राज कुमार सिंह को पहले ही मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। जांच एजेंसियां उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं।

भाषा सं जफर

मनीषा

मनीषा