लोनाटो (इटली), पांच जुलाई (भाषा) युवा स्कीट निशानेबाज भवतेग सिंह गिल और अनुभवी मैराज अहमद ने रविवार को आईएसएसएफ विश्व कप (शॉटगन) में पुरुषों की स्कीट स्पर्धा के पहले दिन प्रभावित किया।
दोनों एक-एक निशाना चूक गए और संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर रहे।
इससे भारत की इस सत्र में अपना पहला पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं क्योंकि पिछले दो विश्व कप में भारत कोई पदक नहीं जीत पाया था।
भारत के पूर्व निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा उन 13 निशानेबाजों के ग्रुप में शामिल थे जो परफेक्ट 50 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से आगे चल रहे थे। 2020 तोक्यो ओलंपिक और 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद बाजवा अब कनाडा के लिए खेलते हैं।
इस ग्रुप में चार बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता विंसेंट हैनकॉक भी शामिल थे।
एक ऐसे दिन जब लगभग बिना किसी गलती के किया गया प्रदर्शन भी काफी नहीं था, गिल और मैराज 49 के स्कोर के बावजूद शीर्ष से काफी पीछे रहे। यह 173 निशानेबाजों के बीच कड़ी टक्कर वाले मुकाबले में बहुत कम अंतर को दिखाता है।
भारतीय जोड़ी 24 अन्य निशानेबाजों के साथ बराबरी पर थी।
वहीं ओलंपिक खिलाड़ी और मौजूदा एशियाई चैंपियन अनंत जीत सिंह नरुका शुरुआती दो राउंड के बाद 47 के स्कोर के साथ 26 अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त रूप से 69वें स्थान पर रहे, जिससे उनके फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।
भाषा नमिता
नमिता