विपक्षी दल समाज और देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वालों पर आरोप लगा रहे: मंत्री

Ads

विपक्षी दल समाज और देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वालों पर आरोप लगा रहे: मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 05:25 PM IST

बलिया, उप्र 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान में कथित गबन के मामले को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि भगवान राम के अस्तित्व को नहीं मानने वाले लोग उन व्यक्तियों पर आरोप लगा रहे हैं, जिन्होंने अपना जीवन समाज और देश के लिए समर्पित कर दिया है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वह इटावा के मंदिर की तुलना राम मंदिर से न करें।

सिंह ने सोमवार को बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र के नागपुर गांव में ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘ये वे लोग हैं, जो राम को नहीं मानते हैं। कुछ ऐसे भी हैं, जो राम के अस्तित्व को नहीं मानते। आज तक राम जी के दर्शन करने नहीं गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विरोध करने वाले लोग कभी राम मंदिर में गए हैं क्या? क्या उन्होंने राम मंदिर के निर्माण में कोई सहयोग किया है?’’

दयाशंकर सिंह ने कहा, ‘‘जिस स्तर पर गड़बड़ी हुई है, उसकी जांच की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग उन व्यक्तियों पर आरोप लगा रहे हैं, जिन्होंने अपना जीवन समाज और देश के लिए समर्पित कर दिया है। ये लोग सिर्फ अपने परिवार के लिए जीते हैं। ये उन लोगों पर आरोप लगा रहे हैं, जिन्होंने परिवार और समाज छोड़कर राष्ट्र के लिए काम किया और जंगलों में जाकर भी कार्य करते रहे।’’

सिंह ने अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा, ‘‘आप अयोध्या की तुलना इटावा से करेंगे, यह आपकी सोच को दर्शाता है। आप इटावा में मंदिर बनवा रहे हैं, इसके लिए आपको धन्यवाद लेकिन अयोध्या की तुलना इटावा से न करें। अयोध्या की एक-एक भूमि स्वर्गभूमि है।’’

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र