उप्र : एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी कलुआ को गिरफ्तार किया

Ads

उप्र : एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी कलुआ को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 07:47 PM IST

लखनऊ, 21 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार हरदोई में दर्ज एक मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कलुआ उर्फ कालिया को बुधवार रात आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र स्थित हाथी घाट यमुना किनारे रेलवे पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी हाथी घाट क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी कलुआ ने बताया कि वह पहले कासगंज के नदरई क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर एक गिरोह चलाता था, जो हत्या, डकैती, लूट, चोरी के साथ-साथ भैंस चोरी की वारदातों में भी शामिल था। उसने हरदोई जिले में भी लूट और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

एसटीएफ के अनुसार कलुआ का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हरदोई, मथुरा, कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, एटा और मैनपुरी के विभिन्न थानों में कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

भाषा

सलीम रवि कांत