उप्र: प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया हुई तेज

Ads

उप्र: प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया हुई तेज

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 05:50 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 05:50 PM IST

लखनऊ, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने खराब मौसम, आंधी, आग लगने, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

राज्य सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए फसलों के त्वरित आकलन और सहायता वितरण के निर्देश दिए ताकि कोई भी प्रभावित किसान सहायता से वंचित न रह जाए।

बयान में बताया गया कि इस साल आग लगने की घटनाओं से बाराबंकी, बलिया, बांदा, महराजगंज, मथुरा, पीलीभीत, रामपुर और सोनभद्र सहित आठ जिलों में कुल 111.134 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई।

बयान के मुताबिक, 668 प्रभावित किसानों में से 51 किसानों को अब तक 1.81 लाख रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।

बयान में बताया गया कि ओलावृष्टि से मथुरा, जालौन, हरदोई, बुलंदशहर, औरैया, संभल, शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़, कन्नौज, ललितपुर, सहारनपुर और उन्नाव सहित 13 जिलों में 38,369.72 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई तथा प्रभावित 1,07,104 किसानों में से 23,983 किसानों को 14,92,60,448 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।

अधिकारियों के मुताबिक, इसके अलावा बिन मौसम बारिश और अत्यधिक वर्षा के कारण कानपुर देहात, शाहजहांपुर, रामपुर, जालौन, बुलंदशहर, गोंडा, मथुरा, पीलीभीत और सहारनपुर सहित नौ जिलों में 1,358.678 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई तथा 3,920 प्रभावित किसानों में से 1,849 किसानों को 1,09,87,132 रुपये की राहत राशि वितरित की गई।

बयान के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा फसल क्षति का आकलन तेजी से कराया जा रहा है और शेष प्रभावित किसानों को भी शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र