कौशांबी (उप्र), पांच सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ जारी कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई 31 अगस्त को पिपरी थाना क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद शुरू की गई थी। इस हादसे में नौ बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी।
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर रसूलपुर टप्पा चौराहे के पास रहमान मार्केट में छापेमारी के बाद सराय अकील थाना क्षेत्र के बुधपुरी निवासी मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सलमान के पास से 18 कार्टन पटाखे और आठ किलोग्राम बारूद बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी मोहम्मद तालिब को भी गिरफ्तार किया, वह भी बुधपुरी का रहने वाला है।
उन्होंने कहा कि उसे खड़का गांव में मन्नत मैरिज हॉल के पास स्थित एक घर में छापेमारी के बाद पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने वहां से अवैध पटाखों से भरे 26 प्लास्टिक के बोरे और 11 किलोग्राम बारूद बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सलमान और तालिब के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार जारी छापेमारी के तहत पुलिस बाजारों, कस्बों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर जांच कर रही है, ताकि बिना अनुमति पटाखों की गतिविधियों को रोका जा सके।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब