मथुरा, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले स्थित एक गांव में कुछ अज्ञात हमलावरों ने मंदिर परिसर में भोजन बना रहे एक साधु पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साधु के गले पर वार कर उसकी हत्या करने की कोशिश की।
पुलिस ने घायल साधु को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि यह घटना बरसाना थाना क्षेत्र के गांव सहार की है, जहां रविवार पूर्वाह्न श्री राधावल्लभ मंदिर पर रह रहे साधु मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा (48) पर खाना बनाते समय बाहर से आए अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस हमले में साधु गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारी ने बताया कि साधु की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी हालांकि अब तक यह पता नहीं चल सका है कि हमलावर कौन थे, कितने थे और उन्होंने साधु की जान लेने की कोशिश क्यों की।
पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र