कन्नौज (उप्र), 27 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मंत्री असीम अरुण द्वारा कन्नौज में एक सरकारी कार्यक्रम में कथित कुप्रबंधन और देरी को उजागर करने के एक दिन बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए यातायात अवरुद्ध कर दिया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को लिखे एक पत्र में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर बृहस्पतिवार को रोमा स्मारक पर आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर “गहरा खेद” व्यक्त किया।
अरुण ने लिखा, ‘‘मुझे शाम 5:30 बजे मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था और मैं एक अनुशासित नागरिक के रूप में समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया। हालांकि, यह अनुभव शिष्टाचार और समय की पाबंदी के बिल्कुल विपरीत था।’’
उन्होंने कहा कि मुख्य आयोजक और उप जिलाधिकारी(सदर) वैशाली उनके पहुंचने के 15 मिनट बाद पहुंचीं और उनके बाद अपर जिलाधिकरी पहुंचे।
पत्र में कहा गया है, ‘मैंने कार्यक्रम शुरू होने के लिए लगभग 45 मिनट तक इंतजार किया। घोषणाएं होती रहीं कि यह आपके आने के बाद शुरू होगा, लेकिन किसी को नहीं पता था कि आप कब पहुंचेंगे। मेरे पास कार्यक्रम से जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।’
अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए पूर्व आईपीएस अधिकारी अरुण ने कहा कि लोक सेवकों को नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ से प्रेरणा लेनी चाहिए, जो समय की पाबंदी के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अनुशासन प्रशासन की नींव है और मैं अपनी टीम से भी ऐसे ही समयबद्ध आचरण की उम्मीद करता हूं।’’
पत्र के बाद भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार को मकरंदनगर तिराहा पर एकत्र हुए और डीएम व एसपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने थोड़ी देर के लिए सड़क जाम कर दिया।
जानकारी मिलने पर राज्य मंत्री अरुण के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी और स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत किया, लगभग एक घंटे के बाद सामान्य यातायात बहाल हुआ।
भाषा सं जफर संतोष
संतोष