कन्नौज में 50 लाख की अवैध शराब बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Ads

कन्नौज में 50 लाख की अवैध शराब बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 04:42 PM IST

कन्नौज (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब से लदी एक गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि सदर कोतवाली पुलिस को मिली सूचना के आधार पर पाल चौराहा अंडरपास पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जयसिंह को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान के बाड़मेर जिले के ग्राम विसारनिया का निवासी है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से डीसीएम गाड़ी में कुल 545 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 4,836 लीटर शराब थी। अधिकारी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

एसपी के अनुसार, बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली कन्नौज में संबंधित धाराओं के साथ आबकारी अधिनियम और एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) निवासी सोनू इसी गाड़ी के जरिए शराब बिहार भेजता था।

पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी यह गिरोह अवैध शराब की तस्करी में शामिल रहा है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन