कन्नौज, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार को एक अवैध पटाखा निर्माण फैक्टरी में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि छिबरामऊ थाना क्षेत्र के बहवलपुर स्थित इस फैक्टरी के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पटाखा फैक्टरी में मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे अचानक विस्फोट हो गया।
पुलिस ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि फैक्टरी की टिन की चादर करीब 20 फुट दूर जा गिरी और आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं।
पुलिस के अनुसार, घटना में फैक्टरी में काम कर रहे 55 वर्षीय शिव कुमार चक्रवर्ती की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक, पटाखा फैक्टरी संचालक शिव कुमार सक्सेना के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र