उप्र: मऊ के होटल से बरामद हुआ महिला का शव

उप्र: मऊ के होटल से बरामद हुआ महिला का शव

उप्र: मऊ के होटल से बरामद हुआ महिला का शव
Modified Date: April 19, 2026 / 09:12 pm IST
Published Date: April 19, 2026 9:12 pm IST

मऊ, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ जिले स्थित एक होटल के कमरे से 26 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सराय लखंसी थाना क्षेत्र के होटल ‘तथागत’ में हुई।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र की रहने वाली भावना शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि भावना हरियाणा के पानीपत के रहने वाले अपने दोस्त शक्ति सिंह के साथ होटल में रुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि भावना अपने पति अजय शर्मा के साथ झगड़े के बाद पिछले आठ महीनों से शक्ति सिंह के साथ रह रही थी।

पुलिस ने बताया कि भावना व शक्ति सिंह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से मऊ आये थे और पिछले तीन दिनों से होटल में रुके हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह शनिवार को किसी काम से वाराणसी गया था और तभी भावना ने कथित तौर पर उसे फोन किया तथा उसे कोई गलत कदम उठाने की धमकी देते हुए जल्दी लौटने को कहा।

सिंह ने दावा किया कि देर रात होटल लौटने पर उसने भावना को कमरे में फंदे से लटकता हुआ पाया।

पुलिस ने बताया कि होटल के कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर क्षेत्र) कृष्ण राजपूत ने बताया कि पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लगता है।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए शक्ति सिंह और होटल के कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।

राजपूत ने बताया कि मृतका के परिवार को सूचना दे दी गई है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में