उप्र: मथुरा में 500 ड्रोन श्रीकृष्ण के जन्म और लीलाओं से जुड़े दृश्य एवं आकृतियां बनाएंगे
उप्र: मथुरा में 500 ड्रोन श्रीकृष्ण के जन्म और लीलाओं से जुड़े दृश्य एवं आकृतियां बनाएंगे
मथुरा, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा में इस बार जन्माष्टमी पर 500 ड्रोन एक साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं से जुड़े दृश्य एवं आकृतियां बनाएंगे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने श्रद्धालुओं के लिए पहली बार इस तरह का आयोजन करने का निर्णय लिया है।
परिषद की पदेन मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि चार सितंबर की रात नौ से 10 बजे के बीच करीब 15 मिनट का ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 500 ड्रोन एक साथ उड़कर श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं से जुड़े दृश्य एवं आकृतियां बनाएंगे।
अधिकारी ने बताया कि यह शो करीब तीन से चार किलोमीटर की दूरी तक दिखाई देगा।
उन्होंने बताया कि अयोध्या, वाराणसी और सोमनाथ की तर्ज पर मथुरा में पहली बार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी में भी पहले ड्रोन शो आयोजित किए जा चुके हैं।
प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी की मध्यरात्रि में कंस के कारागार में हुआ था।
जन्माष्टमी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास 125 से अधिक स्थानों पर अवरोधक लगाए जाएंगे और वाहनों के लिए करीब दो दर्जन पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को मंदिर तक पैदल जाना होगा।
अधिकारियों ने बताया कि 16 स्थानों पर वॉच टावर लगाए जाएंगे और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


