बिजनौर (उप्र), 22 जून (भाषा) दुष्कर्म के बाद शादी से इनकार करने के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से आहत एक युवती ने रविवार रात बिजनौर कोतवाली परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया, इसके बाद गंभीर हालत में उसे उपचार के लिये मेरठ भेजा गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती रविवार रात करीब 10:53 बजे कोतवाली पहुंची औरउसने आरोपी पक्ष को तुरंत बुलाकर बात कराने का दबाव बनाया।
पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाने का आश्वासन दिया। लेकिन, इसी दौरान युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया ।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, युवती 50-60% तक झुलस गई है।
अधिकारी ने बताया कि युवती ने 2024 में स्वाहेड़ी निवासी एक युवक और उसके परिजनों समेत पांच लोगों पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, साक्ष्य के अभाव में पुलिस ने उसमें अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी।
उन्होंने बताया कि 2025 में उसने फिर से संबंध बनाकर शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी युवक ने उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगनादेश ले लिया था। पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था।
पीड़ित युवती की मां ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज आरोपी का परिवार युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
एसपी के अनुसार, मामले की जांच एएसपी सिटी को सौंपी गई है। थाना परिसर के सभी सीसीटीवी फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल कोतवाली प्रभारी अमर सिंह राठौर को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक सेना में है और पीड़िता रेसलर है।
भाषा सं आनन्द मनीषा रंजन
रंजन