कौशांबी, 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को कुछ अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया हालांकि बाद में नई मूर्ति स्थापित कर दी गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये लेकिन पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाये रखी।
कौशांबी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जनेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जजौली गांव में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित है।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात अराजक तत्वों द्वारा मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मौके पर नई प्रतिमा स्थापित कराई।
उन्होंने बताया कि मामले में डॉ. भीमराव आंबेडकर समिति के जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर की तहरीर पर अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
भाषा सं आनन्द मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र