बिजनौर, 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में जंगल से लकड़ी लेने गए पति-पत्नी के शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि बिजनौर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर काजी गांव निवासी देशराज (40) और उसकी पत्नी सुषमा (36) सोमवार को नहर के पास लकड़ी काटने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
उन्होंने बताया कि दोनों के नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अधिकारी ने बताया कि काफी तलाश के बाद भी जब दोनों का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह सुषमा का शव गंगा नदी में गिरे एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे बंधा मिला।
अधिकारी ने बताया कि वहीं, देशराज का शव वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ के सहारे बंधा मिला।
सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र