उप्र: झांसी में सरकारी चिकित्सक के बेटे का शव बरामद, पुलिस ने जांच शुरू की
उप्र: झांसी में सरकारी चिकित्सक के बेटे का शव बरामद, पुलिस ने जांच शुरू की
झांसी, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक सरकारी चिकित्सक के बेटे का शव घर के पास रेलवे लाइन पर संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा के एक कॉलेज से विधि स्नातक की पढ़ाई कर रहा संचय मिसुरिया (19) का शव रेलवे लाइन से बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, यहां ग्वालियर रोड स्थित पीतांबरा एन्क्लेव कॉलोनी में रहने वाले डॉ.सुमित मिसुरिया झांसी के निकट बबीना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी है और उनका बेटा संचय सोनीपत (हरियाणा) में एक कॉलेज से विधि स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को संचय ने बताया कि वह अपने मामा के घर दिल्ली जाने वाला है और उसके बाद से फोन पर बात नहीं हुई थी।
पुलिस ने बताया कि रविवार को जब अचानक पुलिस ने घर आकर सूचना दी कि संचय का शव रेलवे लाइन किनारे मिला है तो परिजन सकते में आ गए कि वह बिना सूचना अचानक झांसी कैसे आ गया।
सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि रविवार सुबह अज्ञात युवक का शव रेलवे लाइन किनारे पड़े होने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चौबे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक के परिजनों द्वारा व्यक्त की गई आशंका पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


