उप्र : रेलवे अंडरपास में भरे पानी में डूबने से बग्घी चालक और घोड़े की मौत

Ads

उप्र : रेलवे अंडरपास में भरे पानी में डूबने से बग्घी चालक और घोड़े की मौत

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 02:52 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 02:52 PM IST

मेरठ (उप्र), 12 जुलाई (भाषा) मेरठ जिले के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रेलवे अंडरपास में बारिश के कारण भरे पानी में डूबने से एक बग्घी चालक और उसके घोड़े की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड निवासी राकेश सैनी (40) अपनी बग्घी से पशुओं का चारा लेने गये थे। सूत्रों ने बताया कि रास्ते में बिजलीबंबा मार्ग से बाजौट की तरफ जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास में सात से आठ फुट तक बारिश का पानी भरा हुआ था।

सूत्रों ने बताया कि मौके पर मौजूद रेलवे गैंगमैन ने सैनी को अंडरपास में जाने से मना किया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद उन्होंने बग्घी को पानी में उतार दिया और अंडरपास के बीच पहुंचते ही बग्घी डूबने लगी।

उन्होंने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राकेश और घोड़ा दोनों पानी में डूब चुके थे।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बैरियर पर लगी लोहे की जंजीर और रस्सी की मदद से बग्घी, घोड़े तथा चालक के शव को पानी से बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि सैनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि अंडरपास में अत्यधिक जलभराव को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन रोकने के निर्देश दिये गये हैं।

सहायक मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं तथा लोगों से पानी भरने की स्थिति में अंडरपास का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।

भाषा सं सलीम रंजन शफीक

शफीक