उत्तर प्रदेश : नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज

Ads

उत्तर प्रदेश : नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 12:59 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 12:59 AM IST

भदोही (उप्र), सात मई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार की मुहर और फतेहपुर के जिला मजिस्ट्रेट के कथित हस्ताक्षर वाला फर्जी सरकारी नियुक्ति पत्र प्रदान करके एक दलित परिवार से 3.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता शिव प्रकाश ने आरोप लगाया कि आरोपी वीरेंद्र कुमार यादव ने उनके बेटे धीरज कुमार को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया और 2020 में परिवार से 3.5 लाख रुपये ले लिए।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी के अनुसार, आरोपी ने बाद में एक जाली नियुक्ति पत्र सौंपा, जिसमें धीरज की 30,000 रुपये मासिक वेतन पर फतेहपुर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में चपरासी के रूप में संविदा नियुक्ति दिखाई गई थी। धोखाधड़ी तब सामने आई जब धीरज फ़तेहपुर में जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचा, जहां अधिकारियों ने उसे बताया कि ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई थी और पत्र फर्जी है।

पुलिस ने कहा कि जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें धमकी दी। अदालत के आदेश के बाद सुरियावां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है और उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर आशीष

आशीष