उप्र: मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की
उप्र: मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की
लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राज्यव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण की शुरुआत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें क्योंकि शिक्षा व्यक्ति, समाज व राष्ट्र की सुदृढ़ आधारशिला है।
सहारनपुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर (कंपोजिट) से राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा ही सभ्य, संस्कारवान नागरिक बनाती है और सही मार्ग दिखाती है।
आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी शिक्षा से ही छात्र अच्छे समाजसेवी, शिक्षक, प्रधानाचार्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी, इंजीनियर, चिकित्सक, न्यायिक अधिकारी बनेंगे।
उन्होंने इससे पहले ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आदिशक्ति मां शाकुम्भरी देवी की कृपा से अभिसिंचित सहारनपुर जनपद से शिक्षा, संस्कार और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है।’’
उन्होंने बताया, ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ के दूसरे चरण में नन्हें विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित की गईं तथा उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि अवसर पर 613 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया और लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी पहलें शिक्षा और विकास के माध्यम से ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, क्योंकि यह केवल परिवार की नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की भी क्षति है।
उन्होंने सहारनपुर के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, सांसदों, विधायकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि ‘स्कूल चलो अभियान’ को एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
भाषा जफर जोहेब
जोहेब

Facebook


