लखनऊ, 23 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नयी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले लोगों को बधाई दी।
मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में वर्ष 2026 के लिए पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए। उत्तर प्रदेश की कई हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पद्म पुरस्कार पाने वालों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने चिरंजी लाल यादव को कला के क्षेत्र में ‘पद्म श्री’ सम्मान से दिए जाने पर बधाई दी।
आदित्यनाथ ने रघुपत सिंह को कृषि के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए ‘पद्म श्री’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किये जाने पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि यह अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि पांच दशक से अधिक समय तक कृषि सेवा के प्रति सिंह की तपस्या ने भारतीय कृषि को नयी दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने प्रख्यात रंगकर्मी एवं विद्वान अनिल रस्तोगी को भी पद्मश्री मिलने पर बधाई दी।
उन्होंने बधाई संदेश में कहा कि रस्तोगी को कला क्षेत्र में ‘पद्म श्री’ पुरस्कार से अलंकृत किया जाना उत्तर प्रदेश वासियों के लिए हर्ष व गर्व का विषय है।
आदित्यनाथ ने साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश की सुप्रसिद्ध संगीतविद् एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर मंगला कपूर को भी ‘पद्म श्री’ से अलंकृत किये जाने पर उन्हें बधाई दी।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब