मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्राभिषेक कर नागरिकों के कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्राभिषेक कर नागरिकों के कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की
गोरखपुर (उप्र), 10 अगस्त (भाषा) सावन माह के दूसरे सोमवार पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने यहां रुद्राभिषेक एवं हवन किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
योगी ने रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर भगवान भोले शंकर से विश्व कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने भगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल और गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया।
मठ के विद्वत आचार्यों एवं पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि-विधान से पूर्ण हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के लिए आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय एवं शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।
भाषा आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


