महिला की मौत पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने किया आत्मदाह का प्रयास
महिला की मौत पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने किया आत्मदाह का प्रयास
पीलीभीत (उप्र), 10 अगस्त (भाषा) पीलीभीत जिले में एक निजी अस्पताल में हाथ के ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो जाने पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने सोमवार को जिला समाहरणालय परिसर में आत्मदाह करने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार समय रहते हस्तक्षेप कर डीजल की ‘केन’ छीन ली गयी, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। इसके बाद परिजन जिला समाहरणालय में धरने पर बैठ गए।
पुलिस के मुताबिक वल्लभनगर कॉलोनी की पदमा अवस्थी उर्फ पूनम (53) स्टेशन रोड के पास गिर गई थीं, जिससे उनके हाथ में ‘फ्रैक्चर’ हो गया था। परिजन पहले उन्हें जिला अस्पताल ले गए थे।
पुलिस का कहना है कि जिला अस्पताल में हड्डी विशेषज्ञ न होने के कारण पूनम को एक निजी अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गई।
पुलिस के अनुसार छह अगस्त को पीलीभीत के निजी धन्वंतरि अस्पताल में उपचार के दौरान पूनम की मौत हो गई जिसके बाद उनके बेटे अमन अवस्थी ने घर के बाहर ‘फ्लेक्स’ लगाकर चेतावनी दी थी कि 10 अगस्त तक दोषियों पर कार्रवाई न हुई तो वह आत्मदाह कर लेगा।
सोमवार को पूनम के बेटे अमन अवस्थी, अनुराग अवस्थी और दामाद मुनीश दर्जनों समर्थकों के साथ जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बीसी पंत ने कहा कि जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, अस्पताल को सील नहीं किया जाएगा।
सीएमओ के इस बयान से नाराज परिजन उग्र हो गए। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ही खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया।
इस दौरान पूनम के बेटों और दामाद की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोक एवं हाथापाई हुई। धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने डीजल की ‘केन’ छीनकर आत्मदाह के प्रयास को विफल कर दिया।
इस घटना के बाद जिला समाहरणालय में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आक्रोशित परिजन अब जिला समाहरणालय परिसर में ही धरने पर बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग आरोपी डॉक्टरों को बचाने का प्रयास कर रहा है।
पीड़ित परिवार ने ऐलान किया है, ‘जब तक आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी नहीं होती और अस्पताल को सील नहीं किया जाता, हम जिलाधिकारी कार्यालय से नहीं हटेंगे।’
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और सीएमओ डॉ. बीसी पंत ने मीडिया को बताया कि मामले में अभी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है तथा रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


