नेहरू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 200 सभाएं करेगी उत्तर प्रदेश कांग्रेस

Ads

नेहरू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 200 सभाएं करेगी उत्तर प्रदेश कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 08:01 PM IST

लखनऊ, 27 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में 200 सभाएं करने का निर्णय किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विचार विभाग की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में विचार विभाग के प्रमुख की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के विचार विभाग के अध्यक्ष कैप्टन प्रवीन डावर और विचार विभाग की उपाध्यक्ष डॉक्टर नीता मिश्रा मौजूद रहीं।

बैठक में कैप्टन प्रवीन डावर ने कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पी पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि और जयंती बड़े पैमाने पर आयोजित की जाएं और जनता तक उनके विचारों को पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि नेहरू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भर में लगभग 200 बैठकें करने का लक्ष्य रखा गया है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रदेश में चढ़ावा चोरी के मुद्दे सहित सैंकड़ों जनहित के मुद्दे हैं। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से बड़ी भ्रष्ट और फिरकापरस्त सरकार आज तक नहीं हुई है।’’

डावर ने कहा कि भाजपा के आईटी सेल द्वारा यह प्रचारित किया जाना पूरी तरह ‘‘मिथ्या एवं भ्रामक’’ है कि मोदी ने पंडित नेहरू के प्रधानमंत्री के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि ‘जेन जी’ में सही इतिहास और तथ्य की जानकारी के लिए पंडित नेहरू द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारत की खोज’ का अंश शीघ्र ही सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाएगा जिससे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के झूठ का पर्दाफाश हो सके।

भाषा राजेंद्र शफीक

शफीक