हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे गायक बालियान, कर रहे थे चुनाव लड़ने की तैयारी

Ads

हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे गायक बालियान, कर रहे थे चुनाव लड़ने की तैयारी

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 01:07 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 01:07 PM IST

लखनऊ, 27 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में ताबड़तोड़ गोलियां लगने से जान गंवाने वाले हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान कुछ महीने पहले हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।

बालियान के परिजन को शक है कि उनकी हत्या का असल कारण हरियाणा से ही जुड़ा कोई विवाद है और हत्या हरियाणा के सोनीपत के लोगों ने ही की है।

उनके एक परिजन ने ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया कि पूर्व में कबड्डी के खिलाड़ी रहे बालियान ने बाद में पैरों में परेशानी की वजह से खेल छोड़कर वर्ष 2022 में यूट्यूब पर अपना चैनल खोला था।

उन्होंने बताया कि बालियान ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ जैसे कई गीत डाले जो खासे लोकप्रिय हुए। उसके बाद वह हरियाणा के सोनीपत में रहने लगे, मगर पिछले करीब आठ महीने से वह शामली के अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रह रहे थे और रोजाना जिम में कसरत करने जाते थे।

परिजन ने बताया कि बालियान जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और इलाके में उनके होर्डिंग, बैनर और पोस्टर भी लगे थे। उनका ऐसा कोई राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नहीं था जिससे उन्हें जान का खतरा हो।

उन्होंने बताया कि बालियान की हत्या हरियाणा में ही हुए किसी मामले को लेकर हुई है और हत्या को भी वहीं के हमलावरों ने अंजाम दिया है।

परिजन के मुताबिक, बालियान का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।

उन्होंने बताया कि बालियान शारीरिक शिक्षा में स्नातक थे और सरकारी नौकरी के लिये प्रयास भी किये थे। उन्होंने बताया कि बालियान की पत्नी दिल्ली में सरकारी शिक्षिका है और उनका भाई राजीव कोटा में रहता है जबकि उसके पिता सतवीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं।

परिजन ने बताया कि हरियाणा के गोगी गैंग के एक गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

परिजन के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान उनके शव से आठ गोलियां निकाली गयीं जिनमें से तीन सिर से, इतनी ही हाथ में, एक पेट में और एक पैर में लगी है।

उन्होंने बताया कि बालियान का अंतिम संस्कार बंतीखेड़ा गांव में ही होगा।

भाषा सलीम मनीषा

मनीषा