उप्र: शाहजहांपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत

Ads

उप्र: शाहजहांपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 07:03 PM IST

शाहजहांपुर, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि पहली दुर्घटना में दुल्हन की विदाई के बाद लौट रही एक कार खुटार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाहजहांपुर-पलिया मार्ग पर रौतापुर गांव के पास तेज रफ्तार एक टैंकर से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन महिलाओं और कार चालक की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि परिवार 25 अप्रैल को हुई शादी के बाद दुल्हन की विदाई कराकर लौट रहा था।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कल्पना (25), शैशरी (28), वीना (35) और चालक निर्देश (29) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह पुवायां थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोर-लेन बाईपास पर तेज रफ्तार एक बोलेरो कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें एक दंपति और दो बच्चे शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल गलत दिशा में थी कि तभी सामने से आ रहे वाहन से उसकी टक्कर हो गई।

अधिकारी ने बताया कि अरुण (35), दीक्षा (10) और नैतिक (3) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सीमा (32) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र