उप्र: संत कबीर नगर में ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग दंपति, दो पोतों की मौत

Ads

उप्र: संत कबीर नगर में ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग दंपति, दो पोतों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 11:25 AM IST

संत कबीर नगर (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के कुर्थिया गांव में सोमवार सुबह एक बेकाबू ट्रक ने घर के बाहर खाट पर बैठे एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके दो नाबालिग पोतों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान लालजी (62), उनकी पत्नी ज्ञानमती (60) और उनके पोतों आदर्श (12) व सत्यम (छह) के तौर पर हुई है। ये सभी खलीलाबाद कोतवाली इलाके के कुर्थिया गांव के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे ये चारों लोग अपने घर के सामने चारपाई पर बैठे थे, तभी गोरखपुर से बस्ती जा रहे ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और चारपाई पर बैठे लालजी, उनकी पत्नी ज्ञानमती तथा दोनों पोतों आदर्श और सत्यम को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द शोभना सुरभि

सुरभि