उप्र : बलिया में मक्का तोड़ने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या

उप्र : बलिया में मक्का तोड़ने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या

उप्र : बलिया में मक्का तोड़ने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या
Modified Date: March 27, 2026 / 04:14 pm IST
Published Date: March 27, 2026 4:14 pm IST

बलिया, 27 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मक्का का पौधा तोड़ने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रेवती कस्बे के वार्ड संख्या तीन में सुबह करीब सात बजे मक्का का पौधा तोड़ने को लेकर श्रीराम पांडेय (62) का पड़ोसियों से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतक के भतीजे योगेश कुमार पांडेय की तहरीर पर भृगुनाथ सिंह और उनके दो पुत्रों ओम प्रकाश व मार्कण्डेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और 352 (जानबूझकर अपमान) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

सीओ के अनुसार पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में