उप्र: झांसी के थाने में आरोपी की आत्महत्या के बाद चार पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

उप्र: झांसी के थाने में आरोपी की आत्महत्या के बाद चार पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:20 PM IST

झांसी, 11 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के एक थाने में एक आरोपी द्वारा कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने के मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नौ वर्षीय बच्ची से छेड़खानी के आरोप में हिरासत में लिए गए मंदिर के पुजारी राजेंद्र द्विवेदी (62) ने सोमवार सुबह गुरसराय थाने थाने के शौचालय में अपनी लुंगी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद द्विवेदी को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा की गई शुरुआती जांच के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबी जीटीएस मूर्ति ने मंगलवार को कथित लापरवाही के लिए गुरसराय थाना प्रभारी राजेश कुमार दुबे, उपनिरीक्षक विनीत कुमार और कांस्टेबल राजेश कुमार व आनन्‍द को निलंबित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि निलंबित किए गए कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र