उप्र : मथुरा में प्रेमी की हत्या से आहत प्रेमिका ने की आत्महत्या की कोशिश
उप्र : मथुरा में प्रेमी की हत्या से आहत प्रेमिका ने की आत्महत्या की कोशिश
मथुरा, तीन मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र में एक युवक ने अपनी बहन के प्रेमी की गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना से आहत प्रेमिका ने फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक युवती को गंभीर हालत में आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मांट क्षेत्र के उपाधीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि नौहझील थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव निवासी भोला ने अपनी नाबालिग बहन के साथ गांव के 29 वर्षीय ट्रक चालक अर्जुन के प्रेम-प्रसंग का पता चलने पर मंगलवार सुबह गोली मारकर अर्जुन की हत्या कर दी।
सिंह ने बताया कि बहन के साथ प्रेम प्रसंग का पता चलने पर आरोपी युवक गांव के मंदिर के पास अपने पड़ोसियों के बीच बैठे अर्जुन को कुछ जरूरी बात करने के बहाने से बुलाकर मंदिर के पीछे ले गया और सीने में तमंचा सटाकर गोली चला दी और वहां से फरार हो गया।
सिंह ने बताया कि लहूलुहान अर्जुन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में हत्या के आरोपी भोला ने स्वयं ही अपने व्हाट्स ऐप पर स्टेटस लगाकर वारदात की जानकारी सार्वजनिक कर दी। उसी से पता उसकी बहन को अपने प्रेमी की हत्या के बारे में पता लगा।
सिंह ने बताया कि अर्जुन की मौत की खबर लगने पर उसकी प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन हालत खराब देख पहले उसे जिला अस्पताल और फिर वहां से आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।
सिंह ने बताया कि वारदात के बाद गांव में काफी तनाव है और होली का पर्व देखते हुए आस-पास के कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपी तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।
सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी भोला व उसके मित्र की तलाश की जा रही है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


