दिव्यांगों को 17 सितंबर से सहायक उपकरण बांटेगी उत्तर प्रदेश सरकार : मंत्री
दिव्यांगों को 17 सितंबर से सहायक उपकरण बांटेगी उत्तर प्रदेश सरकार : मंत्री
लखनऊ, दो सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार आगामी 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक राज्य के सभी 75 जिलों में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित करेगी।
यह जानकारी पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को दी।
कश्यप ने बताया कि 17 सितंबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण योजना’ के तहत दिव्यांगों को उपकरण प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसी तरह के कार्यक्रम सभी 75 जिलों में मंडल और जिला स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सांसद, विधायक, प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, उप-जिलाधिकारी और अन्य जन-प्रतिनिधि शामिल होंगे।
विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कश्यप ने बताया कि अब तक दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 10 लाख 44 हजार 22 लाभार्थियों को पेंशन दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य ने इस योजना के लिए 1,470.05 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है जिसमें से 312.10 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्री ने कहा कि केंद्र के निर्देशों के अनुसार, 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अनुमानित 2.05 लाख से 2.15 लाख लाभार्थियों को ‘इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना’ के तहत पेंशन अब एसएनए-स्पर्श मॉड्यूल के माध्यम से अंतरित की जा रही है।
भाषा सलीम शफीक
शफीक

Facebook


