उत्तर प्रदेश: चोर को पकड़ने के प्रयास में जीआरपी सिपाही ट्रेन की चपेट में आया

उत्तर प्रदेश: चोर को पकड़ने के प्रयास में जीआरपी सिपाही ट्रेन की चपेट में आया

उत्तर प्रदेश: चोर को पकड़ने के प्रयास में जीआरपी सिपाही ट्रेन की चपेट में आया
Modified Date: April 1, 2026 / 03:57 pm IST
Published Date: April 1, 2026 3:57 pm IST

गोंडा (उप्र) एक अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पुलिस हिरासत से भाग रहे एक संदिग्ध चोर को पकड़ने के प्रयास में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का एक सिपाही चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मऊ जिले के मूल निवासी व 2018 बैच के सिपाही आकाश सिंह (29) को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पांडेय ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई जब सिंह ने मारपीट और कथित चोरी के आरोप में सुनील कुमार (35) नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पांडेय ने बताया कि पूछताछ के लिए ले जाते समय आरोपी पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर भागने लगा।

उन्होंने बताया कि उसी समय डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ रही थी और आरोपी चलती ट्रेन में चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा।

पांडेय ने बताया कि सिंह उसे पकड़ने के लिए दौड़े और ट्रेन से नीचे खींच लिया, इस दौरान वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के खाली स्थान में गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए, जिसकी वजह से उनके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

पांडेय ने बताया कि घटना के बाद पुलिसकर्मियों की मदद से घायल सिपाही को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है, फिलहाल उनका उपचार किया जा रहा है और गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।

पांडेय ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार को भी पकड़ लिया गया है, घटना के दौरान वह भी घायल हो गया था।

उन्होंने का कि उसका मेडिकल कालेज में उपचार किया जा रहा है।

पांडेय ने कहा कि उसके खिलाफ मारपीट, चोरी तथा पुलिस हिरासत से भागने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

जीआरपी के एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने गोरखपुर जोन के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से एक दिन का वेतन पीड़ित सिपाही को देने की अपील की है।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में