बरेली में अतिक्रमण के विरोध में परिवार ने कचहरी के सामने आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने रोका
बरेली में अतिक्रमण के विरोध में परिवार ने कचहरी के सामने आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने रोका
बरेली (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) बरेली जिले में गांव के सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण के विरोध में एक दंपति और उनकी सात वर्षीय बेटी ने बृहस्पतिवार को कचहरी के बाहर कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस ने हालांकि उन्हें रोक लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मीरगंज क्षेत्र के खमरिया सानी गांव में रहने वाले दंपति एवं उनकी बेटी कचहरी पहुंचे और उन्होंने लंबे समय से जारी विवाद के विरोध में कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने कहा कि कलेक्ट्रेट में तैनात पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें खुद को आग लगाने से रोक लिया।
आत्मदाह का प्रयास करने वाले लाल सिंह गंगवार ने आरोप लगाया कि कुछ ग्रामीणों ने सरकारी रास्ते पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है, जिससे उनके घर तक आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है और परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले कई वर्षों में पुलिस, तहसील अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने के बावजूद कथित अतिक्रमण हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


